बैतूल हादसे में घायल पूर्व सैनिक रमेश धोटे की मौत:नागपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम; पोते की हालत अब भी गंभीर

बैतूल में शुक्रवार देर रात सदर इलाके में हुए सड़क हादसे में घायल पूर्व सैनिक रमेश राव धोटे का नागपुर के अस्पताल में निधन हो गया। उनके पोते दर्श धोटे की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। 74 वर्षीय रमेश राव धोटे और उनके 19 वर्षीय पोते दर्श धोटे, जो टिकारी निवासी हैं, शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे इटारसी रोड पर दूध डेयरी के पास हादसे का शिकार हुए थे। वे खाटू श्याम प्राण प्रतिष्ठा समारोह से लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (MP48 ZJ 7577) ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में बैतूल जिला अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नागपुर रेफर किया गया, जहां रमेश राव धोटे को सेवन स्टार हॉस्पिटल और दर्श धोटे को किंग्स वे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। दो दिन के इलाज के बाद भी रमेश राव धोटे को बचाया नहीं जा सका। क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे धोटे
पूर्व सैनिक रमेश राव धोटे सैन्य सेवा के साथ-साथ कुनबी समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों में भी सक्रिय थे। वे क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनकी अंत्येष्टि आज (सोमवार) अपराह्न कोठीबाजार मोक्षधाम में की जाएगी। कोतवाली टीआई नीरज पाल ने बताया कि इस मामले में दुर्घटनाग्रस्त वाहन जब्त कर लिया गया है। घायलों को नागपुर रेफर किए जाने के कारण अभी तक कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया जा सका है। दस्तावेज मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के संज्ञान में यह मामला है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *