मध्य प्रदेश में साइबर अपराधों से बचाव के लिए ‘सेफ क्लिक’ नाम से विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 1 से 11 फरवरी तक प्रदेश के सभी जिलों में चलाया जा रहा है। शाजापुर में पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों को साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक कर रही हैं। रविवार को कोतवाली पुलिस ने उप-निरीक्षक राहुल पोरवाल के नेतृत्व में शाजापुर हाट बाजार में प्रदर्शनी लगाकर लोगों को साइबर अपराधों से बचने के तरीके समझाए। साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके बताए गए लोगों को बताया गया कि पुलिस कभी भी डिजिटल अरेस्ट नहीं करती है। इसलिए अगर कहीं आपके पास किसी व्यक्ति का फोन पुलिस अधिकारी बनकर मोबाइल पर बात करते और आप से कहते हैं कि आपका लड़का, भाई या रिश्तेदार केस में फंस गया है तो ऐसे फोन कॉल से बचें और हेल्प लाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। साथ ही अज्ञात व्यक्ति को अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल में न जोड़ें। इसके अलावा किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपना पासवर्ड किसी के साथ भी शेयर ना करें, सोशल मीडिया प्रोफाइल का मुश्किल पासवर्ड सेट करें। अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन ऑन करें। ऐसे कई उपाय करके इस तरह के क्राइम से बच सकते हैं। शहर में कई जगह हुए जागरूकता कार्यक्रम लालघाटी थाने के सहायक उप-निरीक्षक रोशनसिंह तोमर ने भदोनी, पतोली और करेड़ी नाके पर जागरूकता कार्यक्रम किए। शुजालपुर पुलिस ने बस स्टैंड, बंशी चौराहा और ग्राम रायपुर में कार्यक्रम आयोजित किए। अकोदिया थाना पुलिस ने ग्राम बल्डियासोन में, जबकि मक्सी थाना प्रभारी भीमसिंह पटेल के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन और नया बाजार मक्सी में लोगों को जागरूक किया गया। सलसलाई, सुनेरा और सुन्दरसी थाना क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।


