भास्कर न्यूज़| कोडरमा भारत की कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव असीम सरकार ने चिकलावर ग्राम में सरस्वती पूजा के दौरान अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों पर हुए शारीरिक एवं मानसिक अत्याचार की कड़ी निंदा की है। उन्होंने महिलाओं के साथ अभद्रता का विरोध करने पर दलित समुदाय पर किए गए हमले को अत्यंत निंदनीय बताया। असीम सरकार ने कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान गांव की महिलाएं नृत्य कर रही थीं, जिस पर कुछ असामाजिक एवं मनबढ़ किस्म के युवकों ने आपत्तिजनक व्यवहार किया और महिलाओं का वीडियो बनाने का प्रयास किया। दलित समुदाय द्वारा इसका विरोध करना उन लोगों को नागवार गुजरा, जिसके बाद लाठी-डंडा, टांगी आदि हथियारों से लैस होकर नाजायज भीड़ ने दलित समुदाय पर हमला कर दिया। इस हमले में कई महिला, पुरुष और विकलांग युवक घायल हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घायलों को अस्पताल भिजवाकर कोडरमा थाना की पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी समाप्त समझ ली, जबकि भयभीत दलित परिवार रातभर थाना के समक्ष धरने पर बैठे रहे। वहीं दूसरी ओर आक्रोशित हमलावरों द्वारा दलितों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ और कीमती सामान उठाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इसके बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना अपराधियों को संरक्षण देने के समान है। जिला सचिव असीम सरकार ने 24 घंटे के भीतर सभी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी पुलिस की निष्क्रियता के खिलाफ सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होगी।


