भास्कर न्यूज |हजारीबाग डीपीएल सीजन-2 के तहत रविवार को टूर्नामेंट के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण मुकाबले खेले गए। पहले मैच में गैलेक्सी हाई स्कूल और इंद्रलोक की टीमें आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर इंद्रलोक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 110 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गैलेक्सी हाई स्कूल की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए 16.4 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए विशाल कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दूसरे मुकाबले में आरोग्यम स्ट्राइकर्स और हिंदुस्तान के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिली। टॉस जीतकर आरोग्यम स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर विशाल 202 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिंदुस्तान की टीम आरोग्यम के घातक गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 16.3 ओवर में मात्र 111 रन पर सिमट गई। इस तरह आरोग्यम स्ट्राइकर्स ने यह मुकाबला 91 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए प्रभात कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। लगातार दो मुकाबले हारने के बाद आरोग्यम स्ट्राइकर्स ने शानदार वापसी करते हुए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है, जिससे टीम के खेमे में उत्साह का माहौल है। वहीं दूसरी ओर, गैलेक्सी हाई स्कूल की लगातार जीत से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास चरम पर है। सभी मुकाबले जीतकर गैलेक्सी हाई स्कूल अंक तालिका में नंबर वन टीम बनकर उभरी है।फोन पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए आरोग्यम स्ट्राइकर्स के संचालक हर्ष अजमेरा ने कहा कि टीम का प्रदर्शन बेहद सराहनीय रहा है। खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन का ही परिणाम है कि टीम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने आयोजन समिति को बेहतर आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। वहीं गैलेक्सी हाई स्कूल टीम के संचालक ने भी जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि दबाव में खेलना टीम की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 12 फरवरी को खेला जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।


