ठंड से बचने के लिए चारपाई के नीचे अलाव जलाकर सोई महिला की जलकर मौत हो गई। रविवार सुबह 4 बजे पड़ोसी उठा तो उसने मकान से धुआं निकलता देखा। उसने बाकी पड़ोसियों को जगाया। पुलिस को जानकारी दी। महिला मकान में अकेली रहती थी। जली हुई चारपाई पर उसका कंकाल मिला। घटना भरतपुर जिले के भुसावर कस्बे के पुरानी सब्जी मंडी इलाके में रात 2 से 3 बजे के बीच हुई। भुसावर थानाधिकारी नरेश शर्मा ने बताया- थाना इलाके की पुरानी सब्जी मंडी में लच्छो देवी (60) अकेली रहती थी। वह विधवा थी। दो बेटों की मौत पहले ही हो चुकी है। एक शादीशुदा बेटी है जो कभी-कभी आकर संभालती थी। रविवार सुबह 4 बजे पड़ोसी मोहन सिंह बाथरूम जाने के लिए उठा। पड़ोसी ने मकान से धुआं उठता देखा इसी दौरान उसने लच्छो देवी के मकान से धुआं उठता देखा। उसने तुरंत आसपास के लोगों को जगाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा। कमरे में जली हुई चारपाई पर लच्छो देवी का कंकाल मिला। पुलिस ने डॉक्टर और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। वहीं पर महिला का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। फॉरेंसिक टीम से मौके से सबूत जुटाई। चारपाई के नीचे अलावा की परात रखी मिली। आसपास रखा सामान भी पूरी तरह जल गया था। जिस चारपाई पर महिला सो रही थी, वह जलकर टूट चुकी थी। थानाधिकारी ने कहा- मौके की स्थिति को देखकर ऐसा लगता है कि महिला के आग लगने के बाद उसे चारपाई से उठने का भी मौका नहीं मिला और उसकी वहीं मौत हो गई। मृतका के दामाद केशव ने रविवार को मामले में भुसावर थाना में मर्ग रिपोर्ट दी है। पति, 2 बेटों की हो चुकी मौत जानकारी के अनुसार- लच्छो देवी के पति की मौत 10 साल पहले हो गई थी। उसके दो बेटे थे। 6 साल पहले बड़े बेटे की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। वह शादीशुदा था। बहू अपने पीहर चली गई और लौटकर नहीं आई। चार साल पहले छोटे अविवाहित बेटे की भी बीमारी से मौत हो गई। तब से लच्छो देवी मकान में अकेली रहती थी। उसकी बेटी की शादी अटारीपुरा (वैर, भरतपुर) में केशव सिंह पुत्र धर्म सिंह के साथ हुई है। वह कभी-कभी आकर मां को संभाल जाती थी।


