ऑपरेशन एंटी-वायरस में साइबर ठगी करते 5 ठग गिरफ्तार:5 लाख की ठगी के सबूत, फर्जी सिम-मोबाइल बरामद

डीग एसपी ओमप्रकाश मीणा के निर्देश पर ऑपरेशन एंटी-वायरस अभियान के तहत पहाड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पहाड़ी क्षेत्र के गांव जसोती के पास दबिश देकर पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पांच फर्जी एंड्रॉयड मोबाइल फोन और पांच फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। जब्त किए गए मोबाइल फोनों से करीब पांच लाख रुपए की साइबर ठगी के तथ्य सामने आए हैं। पहाड़ी थाना अधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि पहाड़ी क्षेत्र के गांव जसोती के पास कुछ लोग ऑनलाइन साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इमरान पुत्र अलीमोहम्मद, जहीर पुत्र अलीमोहम्मद (निवासी गाधानेर), मतीन पुत्र जनमोहम्मद, समयदीन पुत्र काडू (निवासी कान्हौर) और शाहिद पुत्र जकरिया (निवासी बड़ौदा) को गिरफ्तार किया। ये सभी साइबर ठग सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर फर्जी अकाउंट बनाते थे। वे बच्चों की छोटी कारों और महिलाओं के कपड़ों की सस्ती डील का लालच देते थे। इसके अलावा, पेंसिल पैकिंग जॉब का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं को भी निशाना बनाते थे। कई मामलों में आरोपी खुद को जान-पहचान का व्यक्ति बताकर ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस अब आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वे फर्जी सिम कार्ड कहां से लाते थे और इस गिरोह में कितने अन्य लोग शामिल हैं। पूछताछ के बाद और भी खुलासे होने की उम्मीद है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *