ग्वालियर की महाराजपुरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर फरार हुए 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को डी.डी नगर टाइगर चौक से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पकड़ा गया आरोपी पिछले दो माह से पुलिस को चकमा दे रहा था। जबकि इस मामले में पुलिस अन्य सभी आरोपियों को पूर्व में पकड़ चुकी है। यह है पूरा मामला ग्वालियर के महाराजपुरा थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि विगत माह ग्लोरी विला कॉलोनी स्थित सरकारी मल्टी के पास आधा दर्जन हमलावरों पुष्पेन्द भदौरिया, राहुल भदौरिया, भोलू भदौरिया, देवेन्द्र भदौरिया और लला उर्फ सत्येन्द्र सिंह भदौरिया ने प्रॉपर्टी कारोबारी सुनील गुर्जर पुत्र श्रीकृष्ण गुर्जर की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस कप्तान ने फरार आरोपियों को पकड़ने पर दस-दस हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपी वापस आया तो पुलिस ने दबोच लिया इसके बाद से ही आरोपी दिवाकर भदौरिया पुत्र जण्डेल सिंह भदौरिया निवासी खाड़ेरी पुरा को पकड़ने की जिम्मेदारी एसआई जयेन्द्र सिंह कुशवाह, आरक्षक भीकम सहित थाने के अन्य बल को पकड़ने की जिम्मेदारी दी थी। रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि टाइगर चौक के पास आरोपी आया हुआ है, इसका पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को दबोच लिया है। इससे पहले पुलिस ने वारदात में शामिल पुष्पेन्द भदौरिया, राहुल भदौरिया, भोलू भदौरिया, देवेन्द्र भदौरिया, लला भदौरिया और गौरव तोमर को पकड़ लिया था। आरोपी से पूछताछ में जुटी पुलिस मामले की जानकारी देते हुए महाराजपुरा सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार का कहना है कि प्रॉपर्टी डीलर की हत्या में शामिल दस हजार रुपए के इनामी को महाराजपुरा थाना पुलिस ने टाइगर चौक के पास से दबोचा है और उससे पूछताछ की जा रही है। जबकि इस मामले में अन्य आरोपी पूर्व में पकड़े जा चुके हैं।


