भास्कर संवाददाता | चूरू पिछले तीन दिन से मौसम में आए बदलाव के कारण सर्दी का असर एक बार फिर बढ़ गया है। रविवार को जिले के कई क्षेत्रों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। दिन में धूप का असर भी कमजोर रहा। इस कारण अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। चूरू के बाहरी क्षेत्रों में रविवार को सुबह 10 बजे तक कोहरे का असर रहा। इसके बाद धूप निकलनी शुरू हुई, मगर दोपहर में भी धूप का असर कमजोर रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री की गिरावट के साथ 23.7 व न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री की गिरावट के साथ 9.1 डिग्री रहा। इससे पूर्व शनिवार को अधिकतम तापमान 24.5 व न्यूनतम 10.1 डिग्री था। जनवरी के अंतिम सप्ताह में मौसम साफ होने के बाद बीते तीन दिनों में से दो दिन कोहरा छाया है, जो उत्तरी हवा के साथ वापस लौटा है। पहाड़ी इलाकों में तीन दिनों पूर्व हुई बर्फबारी हुई, जिसका असर मैदानी इलाकों में कोहरे के साथ नजर आ रहा है। मौसम केन्द्र जयपुर की माने, तो अगले दो दिन पश्चिम विक्षोभ के कारण बादल छाए रहेंगे तथा कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में कुछ गिरावट होगी, जिसके चलते चार-पांच दिनों तक सर्दी का असर रहेगा।


