पुलिस कभी भी ऑनलाइन गिरफ्तारी नहीं करती:महेश्वर थाना प्रभारी बोले- धोखाधड़ी से बचे और अनजान लिंक पर क्लिक न करें

महेश्वर स्थित मंडलेश्वर में साइबर सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक पहल की है। थाना प्रभारी दीपक यादव के नेतृत्व में पुलिस ने नर्मदा घाट पर ‘सेफ क्लिक’ अभियान की शुरुआत की, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना है। थाना प्रभारी यादव ने बताया कि यह अभियान 1 फरवरी से 11 फरवरी तक चलेगा, जिसके दौरान मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के स्कूल, कॉलेज और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विशेष रूप से ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए सुझाव दिए और स्पष्ट किया कि पुलिस कभी भी ऑनलाइन गिरफ्तारी नहीं करती है। साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके बताए गए लोगों को बताया गया कि अगर कहीं आपके पास किसी व्यक्ति का फोन पुलिस अधिकारी बनकर मोबाइल पर बात करते और आप से कहते हैं कि आपका लड़का, भाई या रिश्तेदार केस में फंस गया है तो ऐसे फोन कॉल से बचें और हेल्प लाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। साथ ही अज्ञात व्यक्ति को अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल में न जोड़ें। इसके अलावा किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपना पासवर्ड किसी के साथ भी शेयर ना करें, सोशल मीडिया प्रोफाइल का मुश्किल पासवर्ड सेट करें। अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन ऑन करें। ऐसे कई उपाय करके इस तरह के क्राइम से बच सकते हैं। कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि हर जिले में साइबर सेल मौजूद है और नागरिकों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस 24×7 लोगों की सेवा के लिए तत्पर है। इस महत्वपूर्ण अभियान में एएसआई लक्ष्मीनारायण बड़ोदिया, आरक्षक धर्मेंद्र मित्तल, आरक्षक भगवान सोलंकी, आरक्षक अमित पाल, और आरक्षक अनुराग सिंह तोमर सहित अन्य पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *