मुलताई नेशनल हाईवे 47 पर सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। रविवार रात करीब 8:30 बजे रिलायंस पेट्रोल पंप के पास स्कूटी (MP48MV6501) सवार दो लोग सड़क किनारे खड़े ट्रक (MH40BG9581) से टकरा गए। हादसे में लालवाड़ी निवासी 52 वर्षीय रामराव पिता गेंदराव वास्गदारे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 32 वर्षीय गणेश भीमा बरई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल को तत्काल मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर केस दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्कूटी सवार हाईवे पर चल रहे थे और संभवतः अंधेरे या ध्यान भटकने की वजह से सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गए। इस घटना के अलावा आज दो अन्य दुर्घटनाओं में भी दो लोग घायल हुए हैं।


