भास्कर न्यूज|दुमका झामुमो के 46 वें स्थापना दिवस पर रविवार की देर रात दुमका के गांधी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री सह पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के हक व अधिकारों की हकमारी कर रही है। झारखंड के खनिज संपदा की रायल्टी की राशि एक लाख 36 हजार करोड़ नहीं देकर यहां की जनता के साथ अन्याय कर रही है। हेमंत ने कहा कि हम इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। केंद्र अगर हमारे राज्य की जनता की हकमारी करती है तो झामुमो जनता की हक व अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन और कानूनी तौर पर लड़ कर हासिल करेगी। केंद्रीय बजट में झारखंड की उपेक्षा कर केंद्र सरकार ने यहां की जनता को छला है। कहा कि राज्य सरकार की अगले पांच वर्षों में रोजगार का अवसर सृजित कर यहां के युवाओं को पलायन करने से रोकेगी। इसके लिए सरकार राज्य में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने की योजना पर काम प्रारंभ कर चुकी है। दुमका के मसानजोर में इको रिसोर्ट की शुरुआत इसी कड़ी का हिस्सा है। कहा कि राज्य की जनता से ने जिस भरोसे ही लोकसभा और विधानसभा चुनावों में हम पर भरोसा करते हुए जनादेश दिया है हम उसका हरहाल में सम्मान करेंगे। सरकार जनता से किए वायदों को पूरा कर रही है लेकिन केंद्र अडंगा लगाकर यहां के आदिवासी-मूलवासी के हक व अधिकारों को छीनना चाहती है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना झामुमो की प्राथमिकता है। कहा कि इस बार की लड़ाई हमने अपनी पहचान, अपने सम्मान व अपने अधिकार के लिए लड़ा है। अब पार्टी इस राजनीतिक सभा के जरिए निर्णायक व समग्र विकास की ओर बढ़ेगा। इससे पूर्व जनसभा को संबोधित करते हुए गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि मुख्यमंत्री मंइया सम्मान योजना से महिलाओं का सम्मान बढ़ा है। दुमका के विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि झारखंड का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है। हमारी सरकार जनता के भरोसे पर खरा उतरेगी। चंदनक्यारी के विधायक उमाशंकर रजक ने कहा कि झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन अपने आंदोलन व संघर्ष के दम पर अलग झारखंड का गठन कराया है। अब युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनके सपनों के अनुरूप झारखंड को संवार रहे हैं। कहा कि हमारी एकजुटता ही हमारी ताकत है। राजमहल के विधायक एमटी राजा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में देश को तोड़ने वाले भाजपा के स्टार प्रचारकों को राजमहल में उतारा गया लेकिन वहां की जनता ने इन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया। कहा कि चाइं जाति को एससी का दर्जा मिलना चाहिए। राजमहल में खासमहल जमीन का मुद्दा भी गंभीर है। इसके अलावा वहां की जमीन सर्वे नहीं होने के कारण दबंग उस कब्जा जमा रहे हैं। जामा की विधायक डा.लुईस मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार पूरी मजबूती से राज्य का समग्र विकास कर रही है। जनसभा को मंत्री हफीजुल अंसारी, सुदिव्य सोनू,सांसद नलिन सोरेन, सांसद महुआ मांझी, विजय हांसदा, मथुरा महतो, डा.लुईस मरांडी, प्रो.स्टीफन मरांडी, हेमलाल मुर्मू, धनंजय सोरेन, उदयशंकर सिंह, आलोक सोरेन ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शिव कुमार बास्की और संचालन मो.अब्दुस सलाम ने किया।


