हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके चलते मौसम विभाग ने आज (सोमवार को) प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 14 जिलों में बारिश हो सकती है। इनमें भिवानी, जींद, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात शामिल हैं। इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी। कुछ जिलों में सुबह-सुबह घनी धुंध रहने की भी संभावना है। प्रदेश में लगातार 5 फरवरी तक हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, फरवरी महीने के पहले पखवाड़े (15 दिन) में लगातार ठंड रहेगी। जबकि, दूसरे पखवाड़े में ठंड के तेवर ढीले पड़ जाएंगे। इससे पहले रविवार को प्रदेश में सबसे ठंडा एरिया जींद का पांडू पिंडारा रहा, जहां का अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से मौसम में बदलाव
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, फरवरी महीने में 5 से 6 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इनमें केवल 2 पश्चिमी विक्षोभ से हल्की बारिश होने की संभावना है। फरवरी महीने के पहले पखवाड़े में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि 3 फरवरी, 11 फरवरी और 15 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे मौसम में बदलाव आएगा। दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। हल्की बारिश की संभावना है। अबकी बार देरी से पड़ रही है धुंध
प्रदेश में पिछले 24 घंटे में धुंध का असर कुछ कम हुआ है। हालांकि धुंध कुछ इलाकों में छाई रही, लेकिन विजिबिलिटी पहले की अपेक्षा ज्यादा रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी में धुंध पड़ती है, लेकिन अबकी बार यह कुछ देरी से पड़ रही है। रविवार रात 10 बजे ही कई जिलों में धुंध पड़नी शुरू हो गई। तापमान में कमी रही तो रबी की फसलों को लाभ
कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी पारा ज्यादा नहीं बढ़ना चाहिए। रात के तापमान में कमी रही तो रबी की फसलों को लाभ होगा। पश्चिम विक्षोभ आते रहे और इससे पारा कम हुआ तो फसलों को लाभ पहुंचेगा। 2025 में 37 फीसदी कम बारिश
प्रदेश में इस साल सामान्य से 37 फीसदी कम बारिश हुई है। 1 जनवरी से 2 फरवरी तक प्रदेश में 9.4 मिलीमीटर (MM) बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 14.9 मिलीमीटर होती है। हालांकि दिसंबर 2024 में प्रदेश में 26.1 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जो सामान्य से 328 फीसदी ज्यादा थी।


