भोपाल में किराना दुकान में फिल्मी स्टाइल में हमला:काउंटर गिराया, दुकानदार और साथी को पीटा, CCTV में पूरी वारदात कैद

भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में रंगदारी और मारपीट की घटना सामने आई है। सात दुकान फिजा कॉलोनी, करोंद स्थित एक किराना दुकान पर कुछ युवकों ने फिल्मी अंदाज में धावा बोल दिया। आरोप है कि युवकों ने दुकानदार से शराब पीने के लिए रुपए मांगे, इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की और दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित नितेश सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 जनवरी की शाम करीब 7:20 बजे वह अपनी किराना दुकान पर बैठा था। इसी दौरान उसका पुराना किरायेदार कुलदीप सोलंकी अपने साथियों सुमित राणा, उदित राजपूत और दीपू कुशवाह के साथ दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि चारों ने उससे रुपए की मांग की और मना करने पर विवाद शुरू कर दिया। नितेश के अनुसार, आरोपी दुकान के भीतर घुस आए और उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान डंडे से भी हमला किया गया, जिससे उसके सिर, कान और गर्दन में चोटें आईं। आरोपियों ने दुकान का काउंटर गिरा दिया और शोकेस, कांच की बर्नियां व फ्रीजर तोड़ दिए, जिससे उसे भारी नुकसान हुआ। बीच-बचाव करने आए सुनील नामदेव पर भी हमला किया गया। डंडे से वार करने पर सुनील के कंधे में चोट आई। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना पर निशातपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *