जबलपुर में 9वीं की छात्रा ने जहर खाकर की आत्महत्या:दादी बोली- स्कूल के सर करते थे मारपीट; कुछ दिन बाद ही था जन्मदिन

जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र के बड़ा पत्थर इलाके में 15 वर्षीय छात्रा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजन गंभीर हालत में छात्रा को पहले रांझी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। छात्रा कक्षा 9वीं में पढ़ती थी। घटना की सूचना मिलने पर रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा के कमरे व स्कूल बैग की जांच की। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ, लेकिन पुलिस ने कुछ कागजात जब्त किए हैं। दादी ने लगाया स्कूल टीचर पर मारपीट का आरोप
छात्रा की दादी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 10–12 दिनों से परेशान थी। पूछने पर वह ज्यादा कुछ नहीं बताती थी। दादी का आरोप है कि जिस स्कूल में छात्रा पढ़ती थी, वहां के एक शिक्षक ने उसके और उसकी सहेलियों के साथ मारपीट की थी। छात्रा दो दिनों से यह बात बार-बार कह रही थी। दादी ने उसे आश्वासन दिया था कि मंगलवार को स्कूल जाकर मामले में बात की जाएगी। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों बाद ही छात्रा का जन्मदिन भी आने वाला था। वह पढ़ाई में होशियार थी और कबड्डी भी खेलती थी। घटना के वक्त घर पर थे पिता और दादी
जानकारी के मुताबिक घटना के समय छात्रा की मां छोटे बेटे को लेकर बिहार गई हुई थीं। घर पर छात्रा के पिता और दादी मौजूद थे। रविवार शाम करीब 4 बजे वह ग्राउंड जाने का कहकर घर से निकली थी। कुछ देर बाद लौटकर कमरे में गई और सल्फास खा लिया। उल्टी होने पर उसने दादी को जहर खाने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। छात्रा के पिता ऑटो चालक हैं और परिवार में एक छोटा भाई भी है। रांझी थाने के एसआई मयंक यादव ने बताया- मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। दादी द्वारा बताए गए शिक्षक के आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *