गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति के रंगों में रंगा कृष्णधाम श्रीसांवलियाजी:तिरंगे की रोशनी देख श्रद्धालु ठहर गए, कैमरों में कैद किया नज़ारा

गणतंत्र दिवस के अवसर पर चित्तौड़गढ़ स्थित प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया जी मंदिर में इस बार एक अलग ही नजारा देखने को मिला। पिछले तीन दिनों से लगातार शाम के समय मंदिर की भव्य इमारत पर 3D मैपिंग फसाड लाइट्स के माध्यम से तिरंगे के रंग उकेरे जा रहे हैं। दिन में सामान्य रहने वाला मंदिर परिसर शाम ढलते ही देशभक्ति के रंग में रंग जाता है। मंदिर की दीवारों पर जब केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी फैलती है, तो पूरा माहौल राष्ट्रीय पर्व की भावना से भर जाता है। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु इस दृश्य को देखकर कुछ पल ठहर जाते हैं और गर्व के साथ मंदिर की ओर निहारते नजर आए। फसाड लाइट्स से बढ़ी मंदिर की भव्यता गणतंत्र दिवस को खास बनाने के लिए मंदिर में ही लगे फसाड लाइट्स को तिरंगे के रंग में चलाया गया। इन लाइट्स के जरिए मंदिर की संरचना पर तिरंगे के रंगों का सुंदर प्रदर्शन किया जा रहा है। लाइट्स का यह संयोजन मंदिर की भव्यता को और बढ़ा रहा है। शाम के समय मंदिर के बाहर और परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, जो इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर रही है। देशभक्ति गीतों से गूंजा परिसर 3D मैपिंग लाइट्स के साथ-साथ मंदिर परिसर में देशभक्ति गीत भी बजाए जा रहे हैं। ‘वंदे मातरम’, ‘जन गण मन’ और ‘सारे जहां से अच्छा’ जैसे गीत जब लाइट शो के साथ गूंजते हैं, तो माहौल और भी भावुक हो जाता है। श्रद्धालु शांत भाव से खड़े होकर मंदिर पर पड़ती तिरंगे की रोशनी और देशभक्ति गीतों का आनंद लेते नजर आए। लाइट्स और संगीत का यह समन्वय भक्ति के साथ देशप्रेम की भावना को और मजबूत कर रहा था। धर्म और देशभक्ति का मिला संदेश मंदिर मंडल के CEO प्रभा गौतम ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य यह संदेश देना है कि धर्म और देशभक्ति एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। धार्मिक स्थलों से भी देश के प्रति सम्मान और प्रेम का संदेश दिया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में राष्ट्रीय पर्वों और विशेष अवसरों पर इसी तरह के आयोजन किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *