खन्ना में SSP ने दी नाबालिग ड्राइवरों को हिदायत:मुफ्त हेलमेट- रिफ्लेक्टर जैकेट बांटी, बोलीं- ट्रैफिक रूल्स तोड़ने पर होगी कार्रवाई

लुधियाना के खन्ना में नेशनल रोड सेफ्टी महीने के तहत ट्रैफिक पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया अमलोह रोड चौक पर मौजूद रहीं। उन्होंने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को जागरूक किया और विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर सख्त चेतावनी दी। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को मुफ्त हेलमेट वितरित किए गए। पुलिस का उद्देश्य चालान काटने के बजाय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। एसएसपी डॉ. आहलूवालिया ने जोर देकर कहा कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, रिक्शा चालकों को रात में बेहतर दृश्यता के लिए रिफ्लेक्टर जैकेट प्रदान की गईं, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। एसएसपी ने लोगों को फूल देकर भी ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। नाबालिग वाहन चालकों पर होगी कार्रवाई : एसएसपी एसएसपी ने विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को वाहन चलाने देना न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि उनके जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को कम उम्र में वाहन चलाने से रोकें। एसएसपी ने चेतावनी दी कि यदि नाबालिग वाहन चलाते पाए गए, तो कानून के तहत उनके अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि नेशनल रोड सेफ्टी महीना सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। पुलिस ने लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाने का आग्रह किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *