धमतरी| 11 फरवरी को नगर निगम सहित 5 नगर पंचायतों में मतदान होगा। रविवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मीडिया प्रतिनिधियों की कार्यशाला हुई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रीति दुर्गम की उपस्थिति में मास्टर ट्रेनर द्वारा ईवीएम के माध्यम से डेमो दिखाकर वोट डालने की प्रक्रिया को समझाया गया। मशीन की कार्य प्रणाली, कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट, कैंडिडेट सेक्शन, सुरक्षा उपायों व इसकी विश्वसनीयता के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया कि जब मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्र में जाएगा, तो उसे ईवीएम मशीन में 2 भाग दिखाई देगा, जिसमें पहले भाग में महापौर, अध्यक्ष तथा दूसरा भाग पार्षद के लिए होगा। मतदान अधिकारी द्वारा वोटिंग के लिए अनुमति के बाद मतदाता द्वारा सफेद पार्ट में महापौर की बटन दबाने पर छोटी बीप, फिर गुलाबी पार्ट में पार्षद की बटन दबाने पर लंबी बीप आएगी, तब मतदान पूरा होगा। इस अवसर पर उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का निराकरण भी किया गया।


