सागर में इस समय मौसम में बदलाव का दौर जारी है। कभी बादल छा रहे हैं तो कभी बादलों के बीच धूप-छांव का दौर देखने को मिल रहा है। बदलने के मौसम के असर से दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। सोमवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। लेकिन दोपहर में मौसम बदला और धूप खिली। रात के समय वातावरण में धुंध छाई। हवाएं चलने से मौसम में ठंडक रही। इस दौरान सागर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम पारा 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में दिन के तापमान में 3 डिग्री तक का उछाल दर्ज किया गया। वहीं रात के पारे में 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। मौसम में उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। इस समय जिला अस्पताल और बीएमसी में सर्दी, खांसी और बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। अगले 48 घंटे बादल छाने और मावठा की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, 27 और 28 जनवरी को प्रदेश में मावठा गिरने की संभावना है। हिमालय के ऊपर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। इससे ट्रफ भी जुड़ी है। एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन की एक्टिविटी भी है। इस कारण से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। आगामी दो दिनों तक सागर जिले में बादल छाने और मावठा गिरने का अनुमान है। क्या होता है पश्चिमी विक्षोभ मौसम जानकारों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) पश्चिम से आने वाली हवा और बादलों का एक सिस्टम होता है। इसके एक्टिव होने से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बारिश होगी। सिस्टम आगे गुजर जाने के बाद उत्तर से आने वाली हवा ठंडी रहती है। जिससे दिन और रात ठंड का असर रहता है। सागर में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी…


