कटनी में तेंदुए का आतंक, रिहायशी इलाके में घुसा:बहोरीबंद में वन विभाग का सर्चिंग अभियान जारी, ग्रामीणों में दहशत

कटनी जिले के बहोरीबंद वन परिक्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। पिछले कई दिनों से काई ग्राम, राखी, भटगवां, करौंदी बीट सर्किल के भनपुरा और गढ़मास जैसे क्षेत्रों में तेंदुए की मौजूदगी दर्ज की जा रही है। यह स्थिति तब और गंभीर हो गई जब तेंदुआ जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाकों में घुसने लगा। कुछ दिन पहले राखी ग्राम के एक घर में तेंदुए ने दस्तक दी थी, जिससे ग्रामीण इतने भयभीत हैं कि दिन के समय भी घर से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, तेंदुआ अब न केवल रात में बल्कि दिन के समय भी बेखौफ घूम रहा है। कई ग्रामीणों ने सोमवार शाम को तेंदुए को देखा और अपने मोबाइल कैमरों में उसकी तस्वीरें और वीडियो भी कैद किए। ग्रामीणों ने बताया कि रात के सन्नाटे में तेंदुए की दहाड़ें साफ सुनाई देती हैं, जिससे बच्चों और पशुपालकों में डर का माहौल है। पुलिस और वन अमले ने मोर्चा संभाला स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने जानकारी दी कि ग्रामीणों से तेंदुए की सूचना मिलते ही पुलिस और वन अमले ने मोर्चा संभाल लिया है। ग्राम राखी सहित अन्य प्रभावित गांवों में पुलिस लगातार गश्त कर रही है। वन विभाग ने भी क्षेत्र में अतिरिक्त कर्मियों को तैनात कर सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है। विभाग द्वारा प्रभावित गांवों में मुनादी कराई जा रही है। वन विभाग का उड़नदस्ता दल और स्थानीय पुलिस बल पूरे क्षेत्र पर पैनी नजर रखे हुए है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *