दतिया में रतनगढ़ माता मंदिर परिसर में सोमवार देर शाम वाहन पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी और गुम्मा चलने लगे। इस घटना में एक बुजुर्ग घायल हो गया। विवाद का वीडियो मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। गुप्त नवरात्र और भंडारे के दौरान शुरू हुआ विवाद जानकारी के अनुसार गुप्त नवरात्र के चलते माता को जवारे चढ़ाने के लिए श्रद्धालु पहुंचे हुए थे। मंदिर के नीचे एक चबूतरे के पास भंडारे का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान गुठारा थाना क्षेत्र के एक गांव से आया ट्रैक्टर मंदिर परिसर के पास पार्क किया जा रहा था। भंडारे में शामिल भक्तों ने ट्रैक्टर को वहां खड़ा करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में झगड़े में बदल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। झगड़े में घायल बुजुर्ग को तत्काल मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया। एसडीओपी बोले- समझौता हुआ इस संबंध में एसडीओपी अजय चानना ने बताया कि दोनों पक्ष कुशवाहा समाज से हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था बहाल कराई। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है और फिलहाल किसी भी पक्ष द्वारा थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी पक्ष द्वारा आवेदन दिया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


