भास्कर न्यूज | धमतरी बीसीएस पीजी कालेज धमतरी में एमओयू के तहत एनआरएम कन्या कॉलेज धमतरी के वाणिज्य संकाय द्वारा फैकल्टी एक्सचेंज कार्यक्रम हुआ। शनिवार को कन्या कालेज से प्रो. दानेश्वर साहू एवं प्रो. हुकेश मार्कण्डेय पहुंचे। दोनों कॉलेज के साथ सीमित अवधि के लिए फैकल्टी आदान-प्रदान का अनुबंध प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक एवं कन्या कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनीता राजपुरिया के मार्गदर्शन में हुआ। यह अनुबंध कार्यक्रम बीकॉम द्वितीय वर्ष व तृतीय वर्ष के छात्र छात्राओं से संबंधित था। कन्या कॉलेज से आए प्रो. दानेश्वर साहू ने बताया कि हम कोई भी कार्य जब करते हैं, तो हमें समय पूर्व ही पूरी तैयारी करना चाहिए। क्योंकि पूर्व तैयारी के साथ किया गया कार्य निश्चित ही हमें सफलता दिलाता है। किसी भी सरकारी जॉब के लिए कम से कम स्नातक की आवश्यकता होती है। जबकि कॉलेज में प्रोफेसर बनने के लिए कम से कम स्नातकोत्तर की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए लक्ष्य का निर्धारण करना आवश्यक होता है। प्रो. हुकेश मार्कण्डेय ने कहा कि परीक्षा की तैयारी मजबूरी समझकर नहीं, बल्कि जरूरी समझकर करें। सकारात्मक सोच और नई ऊर्जा के साथ अच्छी तैयारी में लग जाए। कार्यक्रम में प्रो. अमरसिंह साहू, प्रो. निरंजन कुमार, प्रो. भीखम साहू प्रो. कुशल चोपड़ा, प्रो. भीषम साहू, डॉ. कामिनी सिन्हा, डॉ. अभिषेक मिश्रा,प्रो. कुशल चोपड़ा सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


