बारां में 5 बाइकें जब्त, मॉडिफाइड साइलैंसर पर कार्रवाई:ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए पुलिस का विशेष अभियान

बारां शहर में ध्वनि प्रदूषण और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलैंसर पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। आमजन की शिकायतों और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासू के निर्देश पर एक विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत हॉस्पिटल रोड से प्रताप चौकी तक नाकाबंदी की गई। गहन जांच के दौरान, फटाखा जैसी आवाज करने वाले और मॉडिफाइड साइलैंसर लगे पांच दोपहिया वाहनों को पुलिस ने जब्त किया। पुलिस ने मौके पर ही सभी डिटेन की गई बाइकों के अवैध साइलैंसर हटवाए। वाहन चालकों को समझाया गया कि ऐसी हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि मरीजों, बुजुर्गों, बच्चों और राहगीरों के लिए भी परेशानी का कारण बनती हैं। मोटर वाहन अधिनियम के तहत इन पर विधिक कार्रवाई की गई। यातायात थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे फटाखा फोड़ने जैसी हरकतों से बचें और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वाहन चलाएं, ताकि अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *