बठिंडा जिले में तलवंडी साबो के गांव मुलकाना में जंगली सूअर किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसान रणजीत सिंह और हरमनदीप सिंह सहित अन्य ग्रामीण इस समस्या से कई सालों से जूझ रहे हैं। किसानों के अनुसार, जंगली सूअर रात के समय खेतों में घुसकर पकी हुई फसलों को बर्बाद कर देते हैं। इससे आलू, गाजर, गेहूं और सरसों जैसी प्रमुख फसलों को भारी क्षति हो रही है। किसानों ने बताया कि यह समस्या पिछले कई सालों से बनी हुई है। उन्होंने कहा कि दो किले जमीन में फसल पूरी तरह खराब हो चुकी है। इस लगातार हो रहे नुकसान से किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि वे पहले से ही प्राकृतिक आपदाओं और सरकारी नीतियों के कारण मुश्किलों का सामना कर रहे हैं, और अब जंगली सूअरों का आतंक उनकी परेशानी और बढ़ा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि कभी-कभी ये सूअर रात में किसानों पर हमला भी कर देते हैं। मलकाना गांव के किसानों ने अब सरकार और प्रशासन से इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है। वे चाहते हैं कि जंगली सूअरों को पकड़ कर उनकी फसलों को बचाया जाए।


