शाजापुर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस पंडित बालकृष्ण शर्मा (नवीन) महाविद्यालय में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और छात्रों ने प्रभारी प्राचार्य डॉ. वी.पी. मीणा को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन एम.ए. तृतीय सेमेस्टर विषय हिंदी साहित्य के (भाषा विज्ञान एवं हिंदी भाषा) के छात्रों के गलत एटीकेटी परिणाम को लेकर दिया गया। छात्रों का आरोप है कि उन्होंने संबंधित विषय की परीक्षा दी थी और आंतरिक मूल्यांकन भी पूरा किया था, इसके बावजूद परिणाम में उन्हें एटीकेटी दर्शाया गया है। छात्रों का मानना है कि यह अंक अपलोड करने या परिणाम तैयार करने में हुई तकनीकी या मानवीय त्रुटि का मामला हो सकता है। उन्होंने अपने अंकों का पुनः सत्यापन कर परिणाम में सुधार करने की मांग की है। एनएसयूआई के कार्यकर्ता रोहित ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय द्वारा उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। वहीं, इस मामले में कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. वी.पी. मीणा ने बताया कि छात्रों और एनएसयूआई द्वारा दिया गया शिकायत आवेदन विक्रम विश्वविद्यालय को भेज दिया गया है।


