सीधी में बाइक सवार जीजा-साले पर फायरिंग:काली कार से आए थे; दोनों की गर्दन में मारी गोलियां; हालत गंभीर

सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 8 बजे दो बाइक सवार युवकों को हमलावरों ने गोली मार दी। दोनों के गर्दन में गोली लगी है। इस हमले में मानिक यादव और रजनीश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल युवकों की पहचान मानिक यादव (निवासी ग्राम सपनी दुआरी) और उसके साले रजनीश यादव (निवासी ग्राम पड़खुरी नंबर-1) के रूप में हुई है। दोनों धनपुरी से अपने गांव सपनी दुआरी लौट रहे थे। जब वे एक सुनसान रास्ते से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आई एक कार रुक गई और उसमें से दो अज्ञात व्यक्ति उतरे। कुल पांच राउंड फायर किए गए, जिनमें से तीन गोलियां युवकों को लगीं और दो मिस फायर हो गईं। घटनास्थल से पुलिस को तीन खाली खोखे भी बरामद हुए हैं। गोली लगने से दोनों युवक मौके पर ही गिर पड़े और हमलावर कार समेत फरार हो गए। बेहोश होने से पहले दिया बयान अस्पताल में घायल रजनीश यादव ने बताया कि हमलावर काले रंग की कार से आए थे। उन्होंने बाइक रोकने का इशारा किया। बाइक रोकने के बाद उसने मोबाइल निकाला। लॉक खोलने के दौरान गोली को भो की आवाज आई। मै गिर पड़ा, इसके बाद मुझे कुछ दिखाई नहीं दिया। दोनों की हालत गंभीर घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल, रीवा भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर है और वे फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। पीड़ितों के रिश्ते के भाई मुन्ना यादव ने बताया कि मानिक और रजनीश का किसी से कोई पूर्व विवाद नहीं था। उन्हें हमले का कारण समझ नहीं आ रहा है। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। सर्विलांस से हो रही जांच जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि घटना की सूचना रात करीब 9 बजे मिली थी। पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए रीवा भेजा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना स्थल सुनसान और जंगल क्षेत्र में होने के कारण वहां कोई सीसीटीवी कैमरा या वाहन की जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस अन्य साक्ष्यों और सर्विलांस के माध्यम से जांच कर रही है। जैसे ही घायलों को होश आएगा, उनके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *