भरतपुर के खेड़ली मोड़ थाना इलाके में एक कार ने एम्बुलेंस कर्मचारी को टक्कर मार दी। घटना में एम्बुलेंस कर्मचारी की मौत हो गई। एम्बुलेंस धौलपुर से जयपुर मरीज को छोड़कर वापस लौट रहा था। वह रास्ते में चाय पीने रुका। चाय पीने के बाद जैसे ही वह रोड़ पार करने लगा तो एक कार ने उसे टक्कर मार दी। घटना की सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर कार को पकड़ लिया। लेकिन कार का ड्राइवर फरार हो गया। खेड़ली मोड़ थाना अधिकारी राम निवास मीणा ने बताया कि घटना देर रात करीब 10 बजे की है। निजाम खान निवासी निवासी करीमपुर थाना थाना सैपऊ जिला धौलपुर एक मरीज को जयपुर SMS अस्पताल में छोड़ने के लिए गया था। जब वह देर रात लौटकर आ रहा था तो वह चाय पीने के लिए छौकरवाड़ा कला के बस स्टैंड के पास रुका। निजाम ने एम्बुलेंस दूसरी तरफ खड़ी की थी। चाय पीने के बाद जब वह रोड़ क्रॉस कर एम्बुलेंस के पास जाने लगा तो उसे एक कार ने टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर कार लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और निजाम को छौकरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से उसे हलैना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान निजाम की मौत हो गई। जिसके बाद घटना की सूचना उसके परिजनों को दी गई। आज सुबह निजाम के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। नाकाबंदी के दौरान कार को पकड़ लिया गया, लेकिन कार का ड्राइवर फरार हो गया।


