भारतीय जनता पार्टी ने पटियाला देहाती क्षेत्र में ‘विकसित भारत’ अभियान के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को रोजगार और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देना था। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए, जिनमें भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा और पूर्व सांसद महारानी परनीत कौर प्रमुख रूप से शामिल रही। उनके साथ अनिल सरीन, बिक्रम चीमा, जिला अध्यक्ष विजय कूका, सतबीर सिंह खट्टर और अभिनेता हॉबी धालीवाल ने भी शिरकत की। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर पंजाब के लोगों को झूठे वादे करके गुमराह करने का आरोप लगाया। मनरेगा में बड़े पैमाने पर हो रही हेराफेरी : अश्वनी शर्मा अश्वनी शर्मा ने मनरेगा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि 100 दिनों के काम का वादा किया गया था, लेकिन मजदूरों को वास्तव में केवल 36 दिन ही काम मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना में बड़े पैमाने पर हेराफेरी हो रही है और फर्जी नामों का इस्तेमाल करके पैसा हड़पा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवंत मान सरकार असली मनरेगा वर्करों के अधिकारों का हनन कर रही है। अश्वनी शर्मा ने AAP सरकार द्वारा प्रत्येक पंजाबी को 10 लाख रुपए का मुफ्त इलाज (स्वास्थ्य बीमा) देने के वादे को भी खारिज कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जो योजना पहले से चल रही 5 लाख रुपए वाली ‘आयुष्मान योजना’ को ठीक से लागू नहीं कर पाई, वह 10 लाख रुपए का बड़ा दावा कैसे पूरा करेगी? उन्होंने इसे लोगों को गुमराह करने वाला बताया। पंजाब में बिगड़ रही कानून व्यवस्था उन्होंने कहा कि, आज पंजाब को एक ऐसी स्थिर सरकार की आवश्यकता है जो कानून-व्यवस्था को मजबूत रख सके और हर व्यक्ति को सुरक्षित महसूस करा सके। शर्मा ने दावा किया कि ऐसा माहौल केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में ही संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवंत मान सरकार के जाने का समय अब निकट आ गया है और 2027 में बदलाव होगा।


