बोकारो में शराबी ट्रेलर ड्राइवर ने कई वाहनों को रौंदा:11 वर्षीय बच्चे की मौत, दर्जनभर घायल; चालक हिरासत में

बोकारो जिले के पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। काशीझरिया के काजूबगान के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने तीन टेपो, कई बाइक और साइकिल सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पश्चिम बंगाल निवासी 11 वर्षीय सुरेश महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चास से पुरुलिया की ओर जा रहा ट्रेलर का चालक शराब के नशे में धुत था। उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया। कुर्रा से लेकर काशीझरिया तक लगभग पांच स्थानों पर ट्रेलर ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मारी। ट्रेलर ने पहले एक टेपो को चपेट में लिया, फिर लगातार आगे बढ़ते हुए तीन टेपो, कई बाइक और साइकिल सवारों को रौंदता चला गया। एक बाइक ट्रेलर के नीचे फंस गई, जिसके बाद चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। आक्रोशित लोगों ने पुरुलिया-धनबाद मुख्य सड़क को जाम कर दिया घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने पुरुलिया-धनबाद मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पिंड्राजोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को तत्काल बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। तीन गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घायलों में सुदर्शन बाउरी, प्रेम कुमार, सपन बाउरी, लाल बाबू मांझी, उषा देवी, छोटू महतो, धनंजय महतो, धनंजय प्रमाणिक, श्रवन महतो, कार्तिक महतो, प्रसन्नजीत महतो और बुंडू तिर्की शामिल हैं। मृतक सुरेश महतो पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का निवासी था और अपने पिता मंतुलाल महतो के साथ यहां आया था। पुलिस अधिकारी धीरज उरांव ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *