सिरसा में नशा सप्लाई करने वाली महिला पंजाब से गिरफ्तार:तीन लोगों के साथ मिलकर सप्लाई करती थी; NDPS एक्ट में केस दर्ज

सिरसा में दो महिला और युवक के जरिए नशा सप्लाई करने वाली मुख्य सप्लायर आरोपी महिला को पुलिस पंजाब से गिरफ्तार कर लेकर आई है। आरोपी महिला मनप्रीत उर्फ प्रवीण कौर पंजाब के फाजिल्का के घुबाया की रहने वाली है। उसके तार सिरसा के कंगनुपर रोड एरिया निवासी संदीप सिंह, उसकी पत्नी राजदीप कौर व महिला सुमनदीप कौर से जुड़े थे। सुमनदीप कौर पंजाब के अबोहर की रहने वाली है। ऐसे में कई दिनों से आपस में चारों का संपर्क था। अब पुलिस ने आरोपी महिला सप्लायर मनप्रीत को कोर्ट में पेश कर जेल में भेज दिया है। अभी पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार, संदीप और उसकी पत्नी राजदीप व सुमनदीप तीनों ही नशे के आदी है। युवक ने पत्नी को नशे की लत लगाई युवक ने पहले अपनी पत्नी को भी नशे देना शुरू किया और उसे नशे की लत लगा दी। फिर नशे की आपूर्ति व पैसे के लिए दोनों पति-पत्नी मिलकर नशा बेचने लगे, ताकि पुलिस को शक न हो। कई दिन तक नशा बेचते रहे, पर आखिर में दोनों पकड़े गए। शहर थाना पुलिस ने 9 ग्राम 74 मिलीग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में महिला सप्लायर मनप्रीत को पंजाब के फाजिल्का क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। शहर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गौरतलब है कि बीती 23 जनवरी को सीआईए सिरसा की एक पुलिस टीम ने गश्त के दौरान रेलवे फाटक कंगनपुर क्षेत्र में स्कूटी सवार संदीप सिंह व उसकी पत्नी राजदीप कौर व एक अन्य महिला सुमनदीप कौर को चेकिंग के दौरान पकड़ा। और इनके कब्जे से 9 ग्राम 74 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस पूछताछ में तीनों ने बताया कि यह हेरोइन फाजिल्का निवासी मनप्रीत उर्फ प्रवीण कौर से लेकर आए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *