भीलवाडा नगर निगम अंतिम बोर्ड बैठक में हंगामा धक्का मुक्की:421.84 करोड का बजट किया पेश, महापौर बोले- ‘कोई काम फ्री में नहीं होगा’

भीलवाडा नगर निगम की अंतिम बोर्ड बैठक मामूली हंगामे और धक्का मुक्की के बीच पूरी हुई, जहां महापौर राकेश पाठक ने साल 2026-27 के लिए 421.84 करोड रुपए का बजट पेश किया। बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे, सफाई व्यवस्था, निगम की आय बढाने, कचरा शुल्क, कर्मचारियों के नियमतिकरण और सामुदायिक भवनों के नामकरण जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई और ध्वनि मत से बजट पारित कर दिया गया। करीब एक घंटे चली बैठक के दौरान 200 रुपए तक कचरा संग्रहण शुल्क, कर्मचारियों के मुद्दे और नामकरण प्रस्तावों को लेकर पार्षदों के बीच हंगामा भी देखने को मिला, लेकिन अंत में सभी प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया। कचरा संग्रहण शुल्क पर पार्षदों का विरोध बैठक के दौरान घरों और भूखंडों से कचरा संग्रहण के लिए 200 रुपए तक शुल्क वसूलने के मुद्दे पर पार्षदों ने आपत्ति जताई। इस पर महापौर राकेश पाठक ने स्पष्ट किया कि भूखंड के आकार के अनुसार न्यूनतम 20 रुपए और अधिकतम 80 रुपए शुल्क प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि फ्री में कुछ काम नहीं करेंगे। इसी प्रकार निगम कर्मचारियों के नियमतिकरण और हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए भी पार्षद खड़े हो गए, जिस पर महापौर ने कहा कि हाईकोर्ट और सरकार के आदेशों की पालना की जाएगी। मामूली हंगामे के बीच पूरी हुई अंतिम बोर्ड बैठक बात सिर्फ बहस तक सीमित नहीं रही, बल्कि बैठक के दौरान पार्षदों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए और धक्का-मुक्की हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने और पार्षदों को शांत कराने के लिए होमगार्ड के जवानों को बीच-बचाव करना पड़ा। यह विवाद सामुदायिक भवनों के नामकरण और उनके शुल्क को लेकर हुआ। पार्षदों ने इसमें पक्षपात का आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा किया। बाद में महापौर द्वारा पूर्व नेताओं के नाम जोड़ने की मांग स्वीकार करने पर मामला कुछ शांत हुआ। इसके बावजूद बैठक की कार्यवाही जारी रही और एजेंडे के अनुसार निर्णय लिए गए। कर्मचारियों के नियमितीकरण पर भी उठा मुद्दा निगम कर्मचारियों के नियमितीकरण और हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए भी पार्षदों ने सवाल उठाए। महापौर ने सदन को भरोसा दिलाया कि हाईकोर्ट और राज्य सरकार के सभी आदेशों की पालना की जाएगी। सामुदायिक भवनों के नामकरण पर सहमति सामुदायिक भवनों के नामकरण के प्रस्ताव के दौरान कुछ पार्षदों ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए पूर्व सांसदों और विधायकों के नाम भी शामिल करने की मांग रखी। इस पर महापौर ने सहमति जताई और प्रस्ताव को सदन से पारित करा दिया। रियायती शुल्क को लेकर भी कुछ देर विवाद हुआ, जो बाद में शांत हो गया। बजट के प्रमुख वित्तीय आंकड़े महापौर ने बताया कि साल 2026-2027 के लिए कुल प्रस्तावित आय 421 करोड़ 84 लाख रुपए रखी गई है, जिसमें 70 करोड़ 51 लाख रुपए प्रारंभिक शेष शामिल हैं। प्रस्तावित व्यय 356 करोड़ 16 लाख रुपए और अंतिम शेष 65 करोड़ 68 लाख रुपए दर्शाया गया है। निगम की आय बढ़ाने और वित्तीय स्थिति मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। राजस्व संग्रहण में बढ़ोतरी का दावा महापौर पाठक ने बताया कि मौजूदा कार्यकाल में नगरीय विकास कर के तहत 10.99 करोड़ रुपए का संग्रहण हुआ है, जबकि पिछले 10 साल में यह 10.23 करोड़ था। नगर विकास न्यास से 15 प्रतिशत हिस्से के रूप में 13.92 करोड़ रुपए प्राप्त हुए, जो पिछले 10 साल में मिले 7.3 करोड़ से अधिक हैं। भूखंडों की नीलामी से चालू वित्त साल में अब तक 24 करोड़ रुपए की आय हुई है। विकास और सफाई के लिए प्रस्तावित कार्य बजट में शहर के बुनियादी ढांचे और सफाई व्यवस्था के लिए कई कार्य शामिल किए गए हैं। गांधी सागर तालाब के लिए बॉक्स कलवर्ट नाले का निर्माण मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सांगानेर तालाब के विकास के लिए 326.67 लाख रुपए का कार्यादेश जारी किया गया है। डीएमएफटी फंड से 26.04 करोड़ रुपए की स्वीकृति सफाई व्यवस्था के लिए मिली है। रोड स्वीपर मशीन, डम्पर और मिनी ट्रैक्टर खरीदने का प्रस्ताव भी रखा गया है। सामुदायिक भवन और सीवरेज कार्य शास्त्रीनगर सामुदायिक भवन का लोकार्पण हो चुका है। आर.के. कॉलोनी कम्युनिटी हॉल के विकास के लिए 757.81 लाख रुपए की निविदा प्रक्रिया चल रही है। अमृत 2.0 योजना के तहत सीवरेज का काम जारी है, जिसे अगले साल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नामकरण और अन्य प्रस्ताव पारित कोरोना वारियर्स नर्सेज, संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के नाम पर सर्किल निर्माण के प्रस्ताव पारित किए गए। शहर के 11 सामुदायिक भवनों के नाम पूर्व अध्यक्ष, सभापति और विधायक के नाम पर रखने के प्रस्ताव भी मंजूर हुए। सांगानेर तालाब का नाम राणा सांगा के नाम पर रखने का प्रस्ताव पास किया गया। महाराणा कुंभ द्वार, महाराणा कुम्भा मार्ग, महायोगी श्री गुरु गोरखनाथ द्वार, श्री राम मार्ग और शनिदेव मार्ग के प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने का निर्णय लिया गया। रेसलर और पद्मश्री को रियायती भूखंड अंतरराष्ट्रीय रेसलर अश्विनी कुमार विश्नोई, अनुज कुमार विश्नोई और अंतरराष्ट्रीय भांड कलाकार पद्मश्री जानकीलाल को रियायती दर पर भूखंड आवंटन के प्रस्ताव भी बैठक में पारित किए गए। बैठक में ये रहे मौजूद बैठक के दौरान विधायक अशोक कोठारी, उप महापौर रामनाथ योगी, नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक और आयुक्त हेमाराम चौधरी मंच पर मौजूद रहे। सभी वार्डों के पार्षद भी सदन में उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *