उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में दो दिन पहले रोड के बीच में बने जिस खड्डे की वजह से कार एक्सीडेंट में दो लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी। उस खड्डे को आज तीसरे दिन तक रिपेयर नहीं किया गया। नगर निगम और जिला प्रशासन के किसी अफसर ने इसकी सुध नहीं ली। जबकि मौत के बाद घटना स्थल पर पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे शहर विधायक ताराचंद जैन ने खड्डा जल्द रिपेयर कराने का आश्वासन दिया था। जानकारी अनुसार कार तेज स्पीड में थी। ड्राइवर को अचानक सामने खड्डा दिखा। उसने खड्डे से कार बचाने के चक्कर में खड्डे के किनारे से जैसे ही कट लिया। तभी कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे नाश्ते के ठेले को उडाते हुए 4 लोगों को कुचल दिया। जिनमें से 2 लोगों को मौके पर ही मौत हो गई थी। घायल 2 जनों का इलाज जारी है। 500मी. दूर IG बंगले के बाहर स्पीड कंट्रोल को लगे हैं कई बेरीगेट्स
घटना स्थल से महज 500मीटर दूर IG गौरव श्रीवास्तव का बंगला है जिसके सामने गुजरने वालों वाहनों की स्पीड कंट्रोल के लिए कई बेरीगेट्स लगे हुए हैं। जबकि उसी रोड पर जिस जगह यह भयानक हादसा हुआ था, वहां न तो स्पीड ब्रेकर बना है। ना ही कई महीनों से खड्डा भरा गया। जबकि क्षेत्रवासी कई बार प्रशासन से इसकी मांग उठा चुके। उनका कहना है कि हादसे के तीसरे दिन तक खड्डा रिपेयर नहीं करके प्रशासन को फिर बड़े हादसे का इंतजार है। रेलिंग तोड़ते हुए ठेले को उडाया, 4 लोगों को कुचला था
घटना रविवार सुबह 7 बजे वीआईपी रोड पर बडौदा बैंक के सामने की है। जब तेज रफ्तार कार ने अनियंत्रित होकर रेलिंग को तोड़ते हुए नाश्ते के ठेले को उडा दिया। पास खड़े होकर नाश्ता कर रहे 4 लोग इसकी चपेट में आ गए थे। इनमें 2 की मौत हो गई। मृतक करीब 20 फीट दूर उछलकर गिरे थे। कार ठेले को उडाते हुए करीब 150 फीट दूर जाकर पलट गई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोहे से बना नाश्ते का ठेला पूरी तरह बिखर गया था। कार में तेज आवाज में म्युजिक चालू था, जो हादसे के कई देर बाद तक चलता रहा। घटना के तुरंत बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। इसके बाद मृतक के परिजनों ने रोड जामकर कर वहीं धरने पर बैठ गए थे और हादसे की मुख्य वजह रोड के बीच खड्डा होना और स्पीड ब्रेकर का नहीं होना बता रहे थे। दूसरे दिन पुलिस ने 22 वर्षीय कृष्णा ओड निवासी हरिदास जी मगरी को गिरफ्तार किया था।


