डूंगरपुर जिले में राज्य सरकार की साइकिल वितरण योजना में देरी के कारण 10,792 छात्राएं साइकिलों का इंतजार कर रही हैं। शैक्षिक सत्र शुरू हुए सात माह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक इन छात्राओं को योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। यह योजना राजकीय स्कूलों में कक्षा 9वीं में पढ़ने वाली छात्राओं को घर से स्कूल आने-जाने की सुविधा प्रदान करने के लिए है। इसका मुख्य उद्देश्य बालिकाओं की स्कूल में मौजूदगी बढ़ाना और ड्रॉपआउट दर को कम करना है। सरकार ने टेंडर जारी कर ठेका कंपनी को वर्क ऑर्डर भी दे दिया है, लेकिन कंपनी की ओर से अभी तक जिले में साइकिलों की आपूर्ति नहीं की गई है। 23 जनवरी को मेघा पीटीएम के दौरान केवल 21 साइकिलें ही उपलब्ध करवाई गई थीं, जिन्हें जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से वितरित किया गया। शेष 10,792 छात्राएं आज भी अपनी साइकिलों का इंतजार कर रही हैं। इस संबंध में डूंगरपुर के अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अमृतलाल यादव ने बताया कि जैसे ही ठेका कंपनी द्वारा साइकिलें उपलब्ध करवाई जाएंगी, छात्राओं को उनका वितरण करवा दिया जाएगा।


