जयपुर में एक युवक ने बिरला मंदिर की सीढ़ियों पर कार उतार दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद लोगों की मदद से कार को वापस ऊपर चढ़ाया गया। लोगों ने बताया कि युवक तेज रफ्तार में बिरला मंदिर के गेट में घुसा। रोकने पर भी नहीं रुका। फिर पार्किंग के आगे गार्डन के बीच बनी सीढ़ियों पर कार उतार दी। जब लोगों ने उससे ऐसा करने का कारण पूछा तो बताया कि गूगल मैप पर दिखाए रास्ते पर चल रहा था। घटना रविवार दोपहर करीब 3.30 बजे की है। हरियाणा के भिवानी निवासी अजय कुमार के नाम से रजिस्टर्ड कार में चार लोग (दो कपल) सवार थे। जो जयपुर घूमने आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार मोतीडूंगरी गणेश मंदिर के पास बने गेट से तेज रफ्तार में बिरला मंदिर परिसर में घुसी। पार्किंग में तैनात कर्मचारियों और गार्डों ने गाड़ी रोकने के लिए आवाज भी लगाई। लेकिन चालक नहीं रुका। बिरला मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर गाड़ी बढ़ा दी। थोड़ी दूरी पर दाईं ओर मोड़ने के बाद चालक ने कार को सीढ़ियों पर उतार दिया, जो सीधे जेडीए की ओर जाती हैं। देखते ही देखते कार सीढ़ियों पर फंस गई। स्थानीय लोगों ने दिखाई समझदारी घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की। कार में सवार एक व्यक्ति ने समय रहते हैंड ब्रेक खींचकर गाड़ी रोकी। इसके बाद करीब 20–30 लोगों और सुरक्षा कर्मियों की मदद से कार को रिवर्स गियर में पीछे कर निकाल लिया गया। ड्राइवर ने दी सफाई – गूगल मैप ने दिखाया गलत रास्ता कार चला रहे युवक ने मौके पर मौजूद लोगों को बताया- वह गूगल मैप पर दिखाए गए रास्ते का पालन कर रहा था। उसे अंदाजा नहीं था कि यह मार्ग वाहनों के लिए नहीं, बल्कि पैदल श्रद्धालुओं के लिए बना हुआ है। लोगों ने कहा- रोकने पर भी नहीं रुकी कार बिड़ला मंदिर में पार्किंग में काम करने वाले कैलाश चंद शर्मा ने बताया- यह घटना रविवार दोपहर साढ़े तीन बजे की है। गेट से अंदर आई तो पर्ची काटने के लिए इशारा दिया गया। लेकिन इसके बाद भी ये गाड़ी नहीं रुकी। पब्लिक ने भी गाड़ी को रोकने कोशिश की। लेकिन ड्राइवर गाड़ी को भाग ले गया। उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी मंदिर जाने वाले रास्ते पर थोड़ी दूरी पर घूम कर पैदल जाने वाली सीढ़ियों पर उतार दी। जो जेडीए के सामने है। यहीं फोटोग्राफी का काम करने वाले गिरिश ने बताया- गाड़ी में चार लोग सवार थे। गाड़ी में सवार एक व्यक्ति ने हैंड ब्रेक खींचकर गाड़ी को रोका। फिर लोगों ने धक्का देकर रिवर्स गियर में पीछे लिया। गूगल मैप चला रखा था या नहीं। वो हमने देखा नहीं। घटना एकाएक ऐसी थी कि हम सब लोग मदद में जुट गए। पार्किंग में तैनात गार्ड कैलाश चौधरी ने बताया- हो सकता है ड्राइवर नशे में हो। वो लोग कह रहे थे कि इंटरनेट पर जेएलएन मार्ग रास्ता बता रहा था। संभावना है कि गुगल मैप पर ऐसा दिखा रहा हो। कई बार जेएलएन मार्ग का रास्ता बिड़ला मंदिर से दिखा देता है। प्रशासन ने दिए निर्देश स्थानीय प्रशासन का कहना है कि बिरला मंदिर जैसे संवेदनशील और धार्मिक स्थलों के आसपास वाहनों की आवाजाही को लेकर पहले से दिशा-निर्देश मौजूद हैं। भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग को और मजबूत किया गया है, मौके पर बैरिकेडिंग कर चेतावनी बोर्ड लगाए है।


