सलूंबर की बेड़ावल ग्राम पंचायत में महिला जागरूकता कार्यक्रम:ग्रामीणों को अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई

सलूम्बर के लसाड़िया ब्लॉक की बेड़ावल ग्राम पंचायत में महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महिला अधिकारिता विभाग, सलूम्बर ने वसुधा संस्थान के समन्वय से आयोजित किया। इसका उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला अधिकारिता विभाग, लसाड़िया ब्लॉक के सुपरवाइज़र सोहन सिंह सिसोदिया ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला सुरक्षा सलाह केंद्र, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह अनुदान योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, महिला हेल्पलाइन 181 और बाल विवाह रोकथाम जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के फायदा और आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया। सिसोदिया ने महिलाओं से घरेलू हिंसा, शोषण या किसी भी सामाजिक समस्या की स्थिति में बिना संकोच विभाग से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार प्रयास कर रही है, और इन योजनाओं का फायदा उठाकर महिलाएं अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। इस अवसर पर वसुधा संस्थान से गोपी लाल राव और कौशिक सालवी, तथा सखी वन स्टॉप सेंटर से यामिनी जोशी विशेष रूप से उपस्थित थीं। वक्ताओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, स्वरोजगार अपनाने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और सामाजिक कुरीतियों जैसे बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित महिलाओं ने इस कार्यक्रम को उपयोगी बताया और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता शिविर आयोजित करने की मांग की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *