तरनतारन जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 795 ग्राम हेरोइन, एक टूटा हुआ ड्रोन, एक मोटरसाइकिल और 21,000 रुपए ड्रग मनी बरामद की है। इस संबंध में एनडीपीएस और एयरक्राफ्ट एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज किए गए हैं। बता दे कि फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा आईपीएस के निर्देशों पर और तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा आईपीएस की देखरेख में यह अभियान चलाया गया। तरनतारन पुलिस ने सभी सब-डिवीजन में ड्रग तस्करों को नियंत्रित करने के लिए विशेष टीमें गठित की थीं। इन टीमों का नेतृत्व एसपी (डी) तरनतारन रिपुतपन सिंह पीपीएस ने किया। आरोपी गिरफ्तार, हेरोइन बरामद बता दे कि पहला मामला थाना सराय अमानत खां में एनडीपीएस एक्ट के तहत (केस नंबर 10 क्राइम 21- C/61/85) दर्ज किया गया। इसमें नौसिहरा ढाला के रहने वाले गुरबीर सिंह उर्फ गट्टू पुत्र हरजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 284 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बाइक और नकदी बरामद वहीं दूसरा मामला सब-डिवीजन भिखीविंड के थाना खालड़ा में एनडीपीएस एक्ट और एयरक्राफ्ट एक्ट की धाराओं के तहत दर्ज किया गया। इसमें नूरदी अड्डा तरनतारन के वंशपाल सिंह उर्फ वंश पुत्र रशपाल सिंह और मोहल्ला मदिया वाला तरनतारन हाल माडी मेघा निवासी नाभि उर्फ अभि पुत्र दीपक को गिरफ्तार किया गया। ड्रग मनी जब्त आरोपियों के उनके पास से 511 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल और 21,000 रुपए ड्रग मनी जब्त की गई।इसी क्रम में, थाना खालड़ा में एयरक्राफ्ट एक्ट की धाराओं (मुकदमा नंबर 25 जुर्म 10,11,12 एयरक्राफ्ट एक्ट) के तहत एक और मामला दर्ज किया गया। इस मामले में एक टूटा हुआ ड्रोन बरामद किया गया।


