ब्यावर जिले में माइन धारकों का ड्रोन सर्वे करने पहुंची टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। सर्वे शुरू होते ही कुछ लोगों ने गाली-गलौज और बदतमीजी शुरू कर दी। इसके बाद हमला कर फोरमैन और इंजीनियर को घायल कर दिया। सर्वे में इस्तेमाल ड्रोन को तोड़ दिया। वाहनों पर पत्थर फेंकने लगे तो टीम ने कार को भगाकर जान बचाई। घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे जिले के अतीतमंड गांव की है। साकेत नगर थानाधिकारी जितेंद्र फौजदार ने बताया- माइनिंग विभाग की टीम शाम करीब 4 बजे अतीतमंड गांव में माइन धारकों का ड्रोन सर्वे करने पहुंची थी। सर्वे शुरू होते ही निवर्तमान सरपंच दुष्यंत सिंह सहित कुछ लोगों ने गाली-गलौज और बदतमीजी शुरू कर दी। वरिष्ठ माइनिंग फोरमैन अनिता वीर चंदानी और इंजीनियर प्रितेश के साथ मारपीट की। प्रितेश के कान और कनपटी पर गंभीर चोटें आई हैं। पत्थरबाजी कर दो वाहनों को किया क्षतिग्रस्त
इसके बाद हमलावरों ने पत्थरबाजी कर सरकारी वाहन और जोधपुर से आए इंजीनियर प्रितेश के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पत्थरबाजी की तो टीम ने कार को भगाकर जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्रोन सर्वे नहीं होने देना चाहते थे
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध खनन से जुड़े लोग ड्रोन सर्वे नहीं होने देना चाहते थे। इसी कारण ग्रामीणों को उकसाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने निवर्तमान सरपंच को किया डिटेन
पुलिस ने निवर्तमान सरपंच दुष्यंत सिंह डिटेन किया है। इसके साथ ही अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


