पलामू में जियो-सैमसंग के नकली मोबाइल फैक्ट्री का भंडाफोड़:बंगाल से पार्ट्स मंगाकर बनाते थे, दो आरोपी गिरफ्तार

पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में जियो और सैमसंग कंपनी के कीपैड मोबाइल फोन की अवैध असेंबलिंग का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने पुराने और अनुपयोगी पार्ट्स से नए मोबाइल तैयार कर उन्हें स्थानीय बाजार में बेचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खाप सरौना गांव निवासी विकल्प कुमार सिंह (30) और पांकी बस्ती निवासी रंजीत कुमार (24) के रूप में हुई है। एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि पांकी थाना पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विकल्प कुमार सिंह के आवास पर छापेमारी की गई। घर के पहले तल पर एक कमरे में मोबाइल मरम्मत और असेंबलिंग का पूरा सेटअप मिला, जो एक छोटी फैक्ट्री की तरह चल रहा था। बड़ी मात्रा में ई-कचरा भी जब्त पुलिस ने मौके से जियो कंपनी के 135 और सैमसंग कंपनी के 200 कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए, जो पुराने पार्ट्स से तैयार किए गए थे। इसके अतिरिक्त, भारी मात्रा में पुराने मदरबोर्ड, मोबाइल बॉडी, बैटरी, चार्जर, स्पीकर, डिस्प्ले, औजार और बड़ी मात्रा में ई-कचरा भी जब्त किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर मदरबोर्ड की बिक्री के विज्ञापन देखकर यह अवैध कारोबार शुरू किया था। मदरबोर्ड पश्चिम बंगाल से 50 से 100 रुपए में मंगाए जाते थे। इसके बाद मेदिनीनगर की दुकानों से बॉडी, डिब्बे, चार्जर और बैटरी खरीदकर मोबाइल फोन असेंबल किए जाते थे। मोबाइल फोन दुकानदारों को 500 रुपए में बेचे जाते थे पुलिस के अनुसार, तैयार मोबाइल फोन दुकानदारों को लगभग 500 रुपए में बेचे जाते थे, जो ग्राहकों को 1000 रुपए तक में मिलते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि रंजीत कुमार पुराने मोबाइल पार्ट्स उपलब्ध कराता था, जबकि विकल्प कुमार सिंह असेंबलिंग का काम करता था। रंजीत के घर से भी बड़ी मात्रा में मोबाइल पार्ट्स बरामद हुए हैं। जब्त किए गए मोबाइल फोन की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है और संबंधित कंपनियों को भी इस बारे में सूचित किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *