पांच डे वर्किंग की मांग को लेकर कोटा में मंगलवार को बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल रखी। यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस ने मंगलवार को देश व्यापी हड़ताल की। इसके चलते कोटा संभाग में भी सभी सरकारी बैंकों की 500 से ज्यादा शाखाएं चारों जिले में बंद रही। यहां पर काम करने वाले करीब 3000 अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर रहे। बैंक कार्मिकों ने दादाबाड़ी-कोटडी इलाके में विरोध प्रदर्शन किया। इन बैंक कार्मिकों ने झालावाड़ रोड ब्रांच से कोटडी चौराहा, छावनी चौराहा होते हुए रैली निकाली और उसके बाद केन्द्र सरकार का पुतला भी जलाया। इन्होंने केंद्र सरकार और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यूनाइटेड फॉर्म ऑफ़ बैंक के कोटा संयोजक पदम कुमार ने बताया कि कोटा जिले में करीब 300 से ज्यादा ब्रांच है। जबकि संभाग में करीब 500 करीब ब्रांचे बंद रही। हड़ताल में लगभग 3000 के आसपास कर्मचारी व अधिकारी शामिल रहे। हड़ताल की वजह से 3000 करोड़ का ट्रांजैक्शन नहीं हो सका। बैंककर्मियों का कहना है कि हमारी मांग को लेकर हमने पहले भी सरकार को चेताया है, लेकिन सरकार सुन नहीं रही है। बैंक कर्मी पांच डे वर्किंग की मांग कर रहे हैं, सरकार को इस बारे में सोचना चाहिए। सरकार की तरफ से इस बारे में कोई सुनवाई नहीं हो रहीं, इसी के चलते यह हड़ताल का निर्णय लेना पड़ा।


