इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बने नए एटीसी भवन और फायर स्टेशन का औपचारिक शुभारंभ 22 दिसंबर को होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू होंगे। वे एयरपोर्ट पर सुबह करीब पौन घंटे तक रूकेंगे। सांसद शंकर लालवानी ने दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री से मुलाकात कर उन्हें इंदौर आने का न्योता दिया था। एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नायडू के इंदौर आगमन की जानकारी मिली है। वे सुबह आएंगे और करीब पौन घंटे एयरपोर्ट पर रहेंगे। इस दौरान एटीसी भवन, नए फायर स्टेशन के साथ एयरपोर्ट के गार्बेज प्लांट का भी शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए चले जाएंगे। सूत्रों के अनुसार केन्द्रीय मंत्री से एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर भी चर्चा हो सकती है। वे इंदौर को लेकर कोई घोषणा भी कर सकते हैं। अत्याधुनिक है एटीसी भवन एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि नए एटीसी टावर का निर्माण इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट कंसल्टेंसी (ईपीसी) के तहत किया गया है। यह टावर 40 मीटर यानी करीब 120 फीट ऊंचा है। इसमें सात मंजिल हैं। इसे तैयार करने में 42 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं, साथ ही आधुनिक मशीनों का खर्च अलग है।


