पुलिस थाना मुरलीपुरा ने वाहन चोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन शातिर मोटरसाइकिल चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 3 मोटरसाइकिलें और 3 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा मुरलीपुरा थाना क्षेत्र के अलावा विश्वकर्मा और बिंदायका थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देना सामने आया है। आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाएं करते थे। यह कार्रवाई थानाधिकारी वीरेंद्र कुरिल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर की गई। सीसीटीवी फुटेज से खुलासा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरिल ने बताया- थाना मुरलीपुरा में दर्ज मामले में चोरी हुई मोटरसाइकिल की तलाश के दौरान पुलिस टीम ने लगातार गश्त, निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद आरोपियों की पहचान की गई। मुखबीर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरओबी पुलिया, दादी का फाटक, मुरलीपुरा से तीन युवकों को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल नंबर RJ-14-YH-5109 सहित कुल तीन मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही आरोपियों के कब्जे से 3 गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए। वारदात का तरीका थानाधिकारी वीरेंद्र कुरिल ने बताया- आरोपी पहले गलियों में घूमकर मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे और देर रात सुनसान स्थानों से चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल व गैस सिलेंडर चोरी करते थे। तीनों आरोपी गजराज सिंह उर्फ राहुल उर्फ गंजा (25) पुत्र गुलाब सिंह, निवासी: गांव सरगोठ, थाना रींगस, जिला सीकर हाल निवासी: नारायण नगर विस्तार, झोटवाड़ा, अंगद तिवाड़ी उर्फ राजू (29) पुत्र गोरख तिवाड़ी, निवासी: गांव डोमडीह, थाना मैरवा, जिला सिवान (बिहार) हाल निवासी: निवारू रोड, झोटवाड़ा, और मनीष कुमार दुबे उर्फ नेपी (25) पुत्र राजेश कुमार,निवासी: गांव छेन छप्पर, थाना मैरवा, जिला सिवान (बिहार) हाल निवासी: शक्ति नगर, झोटवाड़ा, को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से अनुसंधान जारी है और अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।


