उदयपुर में एक सरकारी स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान भाषण देते हुए पूर्व सरपंच को हार्ट अटैक आ गया। कार्यक्रम स्थल पर अन्य टीचर्स ने उन्हें सीपीआर दिया। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। उदयपुर जिले के फलासिया ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरादीत में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में यह घटना हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गांव के पूर्व सरपंच भैरूलाल गोदड़ा (55) मार्च पास्ट के दौरान करीब दो मिनट 13 सेकेंड तक चलते रहे। इसके बाद जैसे ही करीब 12 बजे भाषण देना शुरू किया तो अचानक लड़खड़ाते हुए गिर गए। इस पर टीचर्स ने उन्हें सीपीआर दिया। मृतक भैरूलाल का मंगलवार दोपहर को अंतिम संस्कार किया गया। पहले देखें PHOTOS टीचर्स ने सीपीआर दी, अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित
कार्यक्रम में पूर्व सरपंच भैरूलाल गोदड़ा के गिरते ही मंच पर बैठे स्कूल प्रधानाचार्य लक्ष्मण गमेर और अन्य लोगों ने उन्हें संभाला। प्रधानाचार्य लक्ष्मण ने बताया- इस दौरान पूर्व सरपंच भैरूलाल को सीपीआर दी गई। प्रधानाचार्य स्कूल से करीब पांच किलोमीटर दूर मादड़ी सीएचसी अपनी गाड़ी में उन्हें लेकर गए। वहां प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद वहां से उदयपुर रेफर कर दिया। बाद में एम्बुलेंस से उनको उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय में रेफर किया गया। जहां डॉक्टरों ने भैरूलाल गोदड़ा को मृत घोषित कर दिया। भैरूलाल गोदड़ा खाटी कमदी पंचायत से करीब तीन बार सरपंच रहे थे। भैरूलाल के बड़े बेटे गणेश मीणा ने बताया- उदयपुर में पहुंचे तो अस्पताल में डॉक्टर्स ने पिता को मृत घोषित कर दिया। वे बताते हैं कि हार्ट अटैक से पिता की मौत हुई। इनपुट सहयोग : दुष्यंत पूर्बिया, ओगणा


