भरतपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश सोमवार को धौलपुर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। जनसुनवाई से पहले उन्होंने जिला कलेक्टर और एसपी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने विभिन्न मामलों की शिकायतें की। जिन्हें आईजी ने गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। विशेष रूप से धौलपुर जिले में परिवहन विभाग और पुलिस के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बयाना के एएसपी हरिराम कुमावत के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि जांच टीम ने परिवहन निरीक्षकों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मंगलवार तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। जिसे उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। इस मामले में भविष्य में किसी भी तरह की कार्यक्षेत्र की बाधा को रोकने के लिए जिला कलेक्टर, एसपी और परिवहन अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई है।


