सिटी बस द्वारा शेखावाटी यूनिवर्सिटी के छात्रों से अधिक किराया वसूल करने के विरोध में एसएफआई ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने बताया कि बस ड्राइवर व कंडक्टर मनमानी करते हुए छात्रों से चार गुना अधिक किराया वसूल रहे हैं। चार गुना अधिक किराया वसूलने का आरोप आर्ट्स कॉलेज कमेटी के महासचिव भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सिटी बस कंडक्टर-ड्राइवर द्वारा छात्रों से बजरंग कांटा से शेखावाटी यूनिवर्सिटी व आर्ट्स कॉलेज तक मनमाने तरीके से 30 से 40 रुपए किराया वसूला जा रहा है। जो उचित किराया नहीं है। यूनिवर्सिटी व कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं इससे परेशान है। वहीं मिनी बसों में सवारियों को ठूस-ठूस कर भरा जाता है जिसके कारण भी छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। महासचिव ने बताया कि जब अधिक कराया देने का छात्र-छात्राएं विरोध करते हैं तो उन्हें जबरदस्ती बस से नीचे उतार दिया जाता है और उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। बसों में ज्यादा भीड़ रहने के कारण हादसे होने की संभावना भी बनी रहती है। वहीं शहर में ज्यादातर बसें बिना परमिट के चल रही है जिनकी जांच करना भी जरूरी है। बस में रेट लिस्ट चस्पा की जाए एसएफआई की मांग है कि स्टूडेंट्स से सिटी बस में आरटीओ द्वारा निर्धारित (ST) टिकट के अनुसार किराया लिया जाए। सिटी बसों में सीट से अधिक सवारियों को चढ़ाने पर कार्यवाही की जाए। आरटीओ द्वारा समय-समय पर बसों की जांच की जाए। किराया सूची बसों में चस्पा की जाए। इस दौरान कॉलेज कमेटी उपाध्यक्ष साहिल काजी, छात्र नेता कन्हैया चौधरी, विकास जांगिड़, प्रियंका, सौरभ, प्रमोद सैनी, पुनीत कुमावत, दीपिका कुमावत, अश्विन कुमार, इरफान किंरडोली, महासचिव दाऊद खान, सोनू सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। पीजी परीक्षा स्थगित करने की मांग वहीं एसएफआई की ओर से पीजी परीक्षा को स्थगित करने को लेकर कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा गया। इकाई महासचिव दिनेश चौधरी ने बताया कि 27 और 28 फरवरी को रीट की परीक्षा है। उसी दिन शेखावाटी विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न विभागों की पीजी परीक्षा भी है। ऐसे में विश्वविद्यालय द्वारा 27 फरवरी 2025 को होने वाली परीक्षा को पोस्पोंड की जाए जिससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े l इस दौरान इकाई उपाध्यक्ष अनिरुद्ध कुल्हार, राहुल मेघवाल, मनोज महला, कृष्णा, रेखा, विद्या आदि विद्यार्थी मौजूद रहे।


