ग्वालियर: विधानसभा अध्यक्ष के स्कूल दौरे के बाद:बच्चों को डेढ़ घंटे देरी से मिला भोजन, प्रशासन के दावे निकले खोखले

ग्वालियर में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने SAF ग्राउंड पर ध्वजारोहण किया। इसके बाद वे जयारोग्य के एक हजार बिस्तर अस्पताल के पास स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने बच्चों के साथ भोजन किया। यह विशेष भोजन प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत आयोजित किया गया था। 26 जनवरी के उपलक्ष्य में स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए पूरी, सब्जी और हलवा तैयार किया गया था। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष और अन्य अधिकारियों के लिए अलग से पूरी, आलू-छोले की सब्जी, सूखी सब्जी और खीर का प्रबंध किया गया था। हालांकि, दैनिक भास्कर द्वारा मंगलवार को किए गए रियलिटी चेक में प्रशासन के दावों की पोल खुल गई। जिस स्कूल में विधानसभा अध्यक्ष ने बच्चों के साथ भोजन किया था, वहा मंगलवार को बच्चों को दोपहर का भोजन डेढ़ घंटे देरी से मिला। सुबह 11:45 बजे तक खाना नहीं आया था और बच्चे भोजन का इंतजार कर रहे थे। उन्हें दोपहर 12:30 बजे के बाद ही खाना मिल पाया। यह स्थिति गणतंत्र दिवस पर हुए विशेष आयोजन के विपरीत थी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह व्यवस्था प्रशासन के अधिकारियों के द्वारा केवल दिखाने के लिए की गई थी। यह शासकीय माध्यमिक विद्यालय ब्रांच दाना होली में कक्षा 1 से 8 तक संचालित होता है, जिसमें लगभग 36 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। स्कूल लगभग 2000 से 2500 वर्ग फीट क्षेत्र में फैला हुआ है। विधानसभा अध्यक्ष के दौरे के लिए स्कूल को विशेष रूप से सजाया गया था। भोजन के उपरांत नरेंद्र सिंह तोमर ने बच्चों को सरकार की ओर से मिलने वाले ट्रैक सूट और स्कूल बैग भी वितरित किए थे। दैनिक भास्कर से बात करते हुए 8वीं कक्षा की छात्रा प्रियांशी रावत ने बताया कि उन्हें रोज अच्छा खाना नहीं मिलता है। उसके अनुसार, खाना बाहर से आता है। गणतंत्र दिवस पर उन्हें पूरी, सब्जी और हलवा मिला था। खीर भी बनी थी, लेकिन उसने नहीं ली थी। प्रियांशी ने यह भी बताया कि ऐसा विशेष खाना रोज नहीं मिलता, बल्कि हर दिन अलग-अलग खाना आता हैं। एक अन्य छात्र यश रावत ने पुष्टि की कि गणतंत्र दिवस पर मिला खाना सामान्य दिनों से अलग था। उसने बताया कि मंत्री जी के आने के कारण उन्हें आलू की सूखी सब्जी, हलवा, खीर और पूरी मिली थी। यश के अनुसार, शुक्रवार को खिचड़ी और बुधवार को चावल जैसे अलग-अलग व्यंजन प्रतिदिन परोसे जाते हैं। स्कूल की शिक्षिका मीनाक्षी त्रिपाठी ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर प्रशासन द्वारा मिड डे मील भोजन का आयोजन किया गया था। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई अधिकारी बच्चों के साथ भोजन करने आए थे। बच्चों के लिए पूरी, हलवा और सब्जी बनाई गई थी, जबकि मंत्री जी के लिए अलग रसोई में भोजन तैयार किया गया था। शिक्षिका ने यह भी बताया कि स्कूल में लगभग चार शिक्षक हैं और बच्चों को प्रतिदिन अलग-अलग खाना मिलता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *