बीना में बसंत पंचमी पर सोमवार को मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ कई धार्मिक आयोजन हुए। गायत्री शक्तिपीठ में पंचकुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसके बाद शाम को विशेष दीपयज्ञ हुआ। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यारंभ संस्कार का विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान 11 वेदियों पर हवन के साथ 3 से 7 वर्ष के बच्चों का पारंपरिक पाटी पूजन कराया गया। प्राचीन परंपरा के अनुसार अनार की कलम और शहद से बच्चों की जिह्वा पर ओम का पवित्र अक्षर अंकित किया गया। विद्यालय परिसर को भव्य रूप से सजाया गया, जहां 16 संस्कारों के फ्लेक्स, श्री राम दरबार और मां सरस्वती की आकर्षक झांकियां स्थापित की गईं। शिशु वाटिका में 12 विभिन्न आयामों में आदर्श घर, बाग-बगीचा और प्रयोगशाला की प्रदर्शनियां लगाई गईं। इसी क्रम में नगरपालिका में नपाध्यक्ष लता सकवार के नेतृत्व में पार्षदों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से हवन-पूजन कर मां सरस्वती का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में जिला सचिव महेश अग्रवाल, प्रभा अग्रवाल, विनोद कुमार अग्निहोत्री, आदित्य बुधौलिया, प्राचार्य सुनील मुडोतिया, प्रधानाचार्य शरद पटेल और मीडिया प्रभारी भूपेंद्र सिंह ठाकुर मौजूद रहे।


