गुना से बाहर शिफ्ट होगा जज्जी बस स्टैंड:नानाखेड़ी मंडी को भी शिफ्ट करने की योजना; कलेक्टर ने जमीन चिन्हित करने के लिए कहा

नवागत कलेक्‍टर किशोर कुमार कान्याल की अध्‍यक्षता में सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। पहली ही बैठक में उन्होंने शहर की दो बड़ी समस्याओं को हल करने की पहल की। जज्जी बस स्टैंड और नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए जमीन देखने के निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिए। बता दें कि जज्जी बस स्टैंड शहर के बीच में संचालित होता है। ऐसे में दिन भर यहां से बसों का आन जाना लगा रहता है। इस कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति कई बार बनती है। वहीं नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी भी अब एक तरह से शहर में ही आ गई है। यहां आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण नानाखेड़ी इलाके में कई बार जाम की स्थिति बनती है। बैठक में एएसपी मान सिंह ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी गुना शिवानी पाण्‍डे, तहसीलदार जीएस बैरवा, मुख्‍य नगरपालिका अधिकारी तेज सिंह यादव, एनएचआई के अधिकारी सहित अन्‍य अधिकारी मौजूद रहे। नागरिकों को जागरूक करने के लिए प्रयास करें
कलेक्‍टर ने कहा कि नागरिकों को जागरूक करने के लिए अधिकारी संयुक्‍त रूप से प्रयास करें। जिले में बेहतर आवागमन के दृष्टिगत विभिन्‍न पहुंच मार्गो पर साइन बोर्ड, ब्‍लैक स्‍पॉट एरिया में स्‍पीड ब्रेकर और विशेष रूप से लाईटिंग व्‍यवस्‍था के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में बताया गया कि ग्‍वालियर, इन्‍दौर एवं भोपाल से आने जाने वाली बसों को शहर के बीच में स्थित जज्‍जी बस स्‍टैण्‍ड पर खड़ा किया जाता है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्‍या उत्‍पन्‍न होती है। कलेक्‍टर ने बस स्‍टैण्‍ड को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए 10 हेक्‍टेयर जमीन चिह्नित करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी गुना को निर्देशित किया। कलेक्टर ने कहा कि बस स्‍टैण्‍ड को भविष्‍य की रूपरेखा को ध्‍यान में रखते हुए विकसित बस स्‍टैण्‍ड का प्रस्‍ताव तैयार किया जाए, जिससे बसों के आवागमन की व्‍यवस्‍था दुरूस्‍त हो सके। कृषि मण्‍डी के लिए भी जमीन देखने के निर्देश
बैठक में कृषि उपज मण्‍डी में ट्रैक्‍टर-ट्रॉली और ट्रकों के माध्‍यम से लगाने वाले जाम की समस्‍या के दृष्टिगत नवीन कृषि उपज मण्‍डी के लिए लगभग 25 हेक्‍टेयर जगह चिह्नित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक के दौरान कलेक्‍टर ने एनएच 46 पर स्थित साक्षी कॉलेज, शान्ति ढाबा, टेकरी पुल के पास एवं विवेक पेट्रोल पंप पर किए गए अनधिकृत कट को बंद कराने के निर्देश एनएचआई के अधिकारियों को दिए। कलेक्‍टर ने तेज गति से वाहनों को चलाने वालों की स्‍पीड लिमिट के लिए उन्‍नत यातायात प्रबंधन प्रणाली (एटीएमएस) के लिए एनएचआई के अधिकारियों को प्रोजेक्‍टर तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। यह प्रणाली राष्ट्रीय राजमार्गों पर गति सीमा लागू करने के लिए स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर) कैमरों का उपयोग करती है। एटीएमएस एक ऐसी प्रणाली है जो राजमार्गों की निगरानी और घटनाओं का पता लगाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग करती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *