अमेठी के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। किलोमीटर संख्या 67.5 पर एक तेज रफ्तार ईको वैन भारत पेट्रोलियम के टैंकर से टकरा गई। हादसे में कार में सवार 7 महिलाओं समेत 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही बाजार शुकुल पुलिस मौके पर पहुंची और पीआरवी की मदद से सभी घायलों को बाजार शुकुल सीएचसी पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए कार चालक इरशाद अली और एक महिला को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घायलों में हर्षिता तिवारी (30), गुड़िया विश्वकर्मा (34), पूजा (30), खुशी रॉय, शिखा कुमारी (24), स्नेहा (20) और सौम्या तिवारी (23) शामिल हैं। ये सभी लखनऊ के विभिन्न इलाकों की रहने वाली हैं और आर्केस्ट्रा पार्टी में काम करती हैं।थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्रा के अनुसार, सभी लोग लखनऊ से कुशीनगर जा रहे थे। कार अनियंत्रित होकर सामने जा रहे टैंकर से टकरा गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


