जिम में अश्लील गाना बजाया, रोकने पर पीटा…VIDEO:शहडोल में युवक पर डंबल से हमला किया, गला दबाया; बचाने गई युवती से भी झूमाझटकी

शहडोल के बुढ़ार रोड स्थित एक जिम में अश्लील गाने बंद करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने ऋषि मिश्रा नाम के युवक पर डंबल, स्टील की बोतल और लोहे की रॉड से हमला किया, गला दबाया और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंची युवती के साथ भी झूमाझटकी की गई। पूरी घटना जिम के CCTV कैमरे में कैद हुई है। पुलिस के मुताबिक, जिम में कुछ युवक तेज आवाज में अश्लील गाने चला रहे थे। जिम कर रही हंस कुमारी गुप्ता ने गाना बदलने या आवाज कम करने को कहा, लेकिन युवकों ने इनकार कर दिया। तीन युवकों ने घेरा, लात-घूंसे बरसाए
हंस कुमारी के मुताबिक, तीन युवकों ने उसे घेर लिया। इसी दौरान ऋषि मिश्रा बीच-बचाव के लिए आगे आए और कहा— “लड़की है, जाने दो।” इसके बाद आरोपियों ने बिना कुछ कहे ऋषि पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। हमले में डम्बल, स्टील की बोतल और लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया गया। मारपीट की दो तस्वीरें देखिए… युवक को सिर-माथे पर आए 8 टांके
सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों को ऋषि के सिर पर डंबल से वार करते और गला दबाते देखा जा सकता है। हमले में ऋषि गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसके सिर, कान और माथे पर 8 टांके आए हैं। पहले भी करते थे कमेंट: युवती
हंस कुमारी ने बताया कि आरोपी युवक पहले भी जिम में उसे परेशान करते थे और कमेंट करते थे। कई बार अश्लील गाने बजाए जाते थे। सोमवार को सिर दर्द के कारण उसने दोबारा गाना बंद करने को कहा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। वहीं ऋषि मिश्रा ने बताया कि आरोपियों—जितेंद्र और किशन समेत तीन युवकों ने उसे और उसकी दोस्त को गोली मारकर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद उन्होंने दोपहर में एसपी से शिकायत की। 6 युवकों पर केस, युवती की शिकायत पर सवाल
सब-इंस्पेक्टर उपेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि ऋषि मिश्रा की शिकायत पर 6 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है। हालांकि, ऋषि का कहना है कि हंस कुमारी गुप्ता की शिकायत अब तक दर्ज नहीं की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *