खरगोन जिले में मंगलवार दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव आया। शाम 5.30 बजे बूंदाबांदी शुरू हुई, जिसके बाद हल्की बारिश दर्ज की गई। खरगोन, देवली, महेश्वर, कसरावद, सरवर देवला, लोहारी, सैलानी और बोरावा सहित कई गांवों में बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तरी हिस्से में विक्षोभ बनने के कारण बारिश के आसार बने हैं। मौसम विभाग ने कल (28 जनवरी) के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही, क्षेत्र में बिजली कड़कने और गिरने की आशंका भी जताई गई है। अचानक हुई इस बारिश से किसानों को खेतों में खड़ी गेहूं और चना की फसल को लेकर चिंता सता रही है। किसानों ने खलिहान में रखी मक्का की फसल को तिरपाल से ढककर सुरक्षित किया है। किसान दशरथ राठौर ने बताया कि हल्की बारिश से फसल को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने यह भी कहा कि तेज हवा चलने पर बाली पर आ चुके गेहूं के उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री दर्ज हुआ है। दिनभर उमस रही। शाम को मौसम बदलने से ठंड बढ़ गई।


