नगर निकाय निर्वाचन-2026 की तैयारी को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत भी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराना था। बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। निर्वाचन कार्य को प्रभावी ढंग से संपादित करने के लिए जिले में गठित 13 कोषांगों के कार्यों, दायित्वों एवं अब तक की प्रगति पर चर्चा हुई। सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने कोषांग से संबंधित तैयारियों की जानकारी साझा की। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कोषांग निर्वाचन अवधि के दौरान पूरी तरह सक्रिय रहेंगे तथा समय-समय पर प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं नगर निकाय के पदाधिकारियों को सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की जांच करने तथा इसकी रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को सौंपने का निर्देश दिया। बैठक में निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने, नामांकन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा आवश्यक दंडाधिकारियों व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। डीआरडीए कार्यालय में होगा नामांकन : अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के लिए 29 जनवरी से 4 फरवरी तक नामांकन पत्र जिला समाहरणालय भवन स्थित डीआरडीए कार्यालय से प्राप्त किए जा सकेंगे तथा इसी अवधि में नामांकन पत्र जमा भी किए जाएंगे।निर्वाचन कैलेंडर के अनुसार अनुसार 5 फरवरी को नामांकन पत्रों की विधिवत जांच की जाएगी। वहीं 6 फरवरी को उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का अवसर दिया जाएगा। इसके पश्चात 7 फरवरी को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मान्य उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जाएगा। 23 फरवरी को मतदान संपन्न कराया जाएगा। मतदान के बाद 27 फरवरी को सुबह 8:00 बजे से मतगणना कार्य प्रारंभ होगा।


